विनयतोष मिश्रा ने ओडिशा के डीजीपी का अतिरिक्त कार्यभार संभाला

Ads

विनयतोष मिश्रा ने ओडिशा के डीजीपी का अतिरिक्त कार्यभार संभाला

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 10:03 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 10:03 PM IST

भुवनेश्वर, 16 अगस्त (भाषा) ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) वाई.बी. खुरानिया के सेवानिवृत होने के बाद वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विनयतोष मिश्रा ने रविवार को डीजीपी का अतिरिक्त कार्यभार संभाला।

सन् 1993 संवर्ग के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी मिश्रा (डीजीपी-अपराध) ने कटक में पुलिस मुख्यालय में खुरानिया से पदभार ग्रहण किया।

मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मिश्रा का स्वागत किया और बाद में उन्हें ‘गार्ड ऑफ़ ऑनर’ दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ ही महीनों में सरकारी सेवा से सेवानिवृत होने वाले मिश्रा तब तक ओडिशा पुलिस की कमान संभालेंगे जब तक कि नियमित डीजीपी की नियुक्ति नहीं हो जाती।

मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा कि महिला सुरक्षा, ओडिशा को मादक पदार्थ से मुक्त कराने तथा साइबर अपराधों पर नियंत्रण पाने पर बल दिया जायेगा।

मिश्रा ने यह भी कहा कि चूंकि राज्य के कुछ हिस्सों में बाढ़ की स्थिति है, इसलिए पुलिस ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल(ओडीआरएएफ) के साथ मिलकर प्रभावित लोगों को ज़रूरी मदद मुहैया कराएगी।

उनकी अंतरिम नियुक्ति नियमित डीजीपी के चयन को लेकर चल रही न्यायिक कार्यवाही के बीच हुई है।

डीजीपी पद के लिए उम्मीदवारों के चयन में कथित अनियमितताओं को चुनौती देते हुए उच्चतम न्यायालय में एक जनहित याचिका दायर की गई है।

शीर्ष अदालत ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) को निर्देश दिया है कि वह इस मामले में 18 अगस्त तक कोई अंतिम निर्णय न ले।

बिहार के मधुबनी जिले में तीन नवंबर, 1966 को जन्मे मिश्रा के पास अभियांत्रिकी में बीएससी तथा पुलिस प्रबंधन स्नातकोत्तर की डिग्री है।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश