पटना। बिहार की राजनीति में फिर एक बार भूचाल आ गया है। ताजा मामले में पुलिस ने जिस नक्सली को बुधवार को गिरफ्तार किया था, नीतीश सरकार के एक कद्दावर मंत्री के साथ उसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो रही है। हालांकि मंत्री उसे जानने से इंकार कर रहे हैं।
बता दें कि मुंगेर पुलिस ने बुधवार को दिनेश यादव को नक्सली होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोपी दिनेश 2 राज्यों में वांछित था। उस पर 30 मई की रात खड़गपुर झील के समीप निर्माण कार्य में लगे वाहनों को जलाने का आरोप था।
यह भी पढ़ें : नागपुर में भारी बारिश, विधानसभा और अस्पताल में भरा पानी, जनजीवन अस्तव्यस्त
गिरफ्तारी के बाद मुंगेर पुलिस ने बताया कि दिनेश यादव को गंगटा जंगल से पकड़ा गया। मुंगेर पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी दिनेश कई मामलों में वांछित था। उसकी तलाश बिहार के अलावा झारखंड की पुलिस कर रही थी।
ऐसे आरोपी नक्सली की तस्वीर अब नीतीश सरकार के मंत्री ललन सिंह के साथ सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है। हालांकि इस बारे में पूछे जाने पर मंत्री ललन सिंह ने कहा कि ‘21 मई को लखीसराय के दर्जनों गांवों में मेरा कार्यक्रम था। कुंदर बराज का निरीक्षण करने गया था, साथ में जिला प्रशासन की पूरी टीम थी। चानन बराज को लेकर 35-40 जगह हजारों लोगों ने हमारा स्वागत किया। उस भीड़ में कौन कहां खड़ा था, किसने कहां स्वागत किया मुझे क्या पता। मैं किसी दिनेश यादव को नहीं जानता’।
वेब डेस्क, IBC24