गुजरात में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए मतदान हो रहा है. इन तीन सीटों में से दो सीट बीजेपी को मिलनी तय हैं. असल झगड़ा तीसरी सीट को लेकर है. इस पर कांग्रेस के अहमद पटेल प्रमुख उम्मीदवार हैं. जिसमें कांग्रेस के विधायक करम सिंह मकवाड़ा ने की क्रॉस वोटिंग की है. वाघेला ने कहा, अहमद पटेल को नहीं दिया वोट. तय मानी जा रही अमित शाह और स्मृति ईरानी की जीत.
इस सीट पर बीजेपी ने कांग्रेस से आए नेता बलवंत सिंह राजपूत को उम्मीदवार बनाया है. बलवंत सिंह राजपूत हाल तक सदन में कांग्रेस के मुख्य सचेतक थे. कांग्रेस के कई विधायकों के हाल में हुए इस्तीफों के बीच सहयोगी एनसीपी ने भी कांग्रेस को झटका देते हुए बीजेपी उम्मीदवार के समर्थन का ऐलान कर दिया है. गांधीनगर में मतदान जारी है. शाम 6 बजे तक नतीजे आ जाएंगे.
कांग्रेस के 44 विधायकों में से एक करम सिंह मकवाड़ा ने क्रॉस वोटिंग की है. मकवाड़ा साणंद से विधायक हैं. वे उन 44 विधायकों में शामिल हैं जिन्हें कांग्रेस ने दलबदल से रोकने के लिए बंगलुरु के रिजॉर्ट में रखा था. दोपहर 1 बजे तक 185 में से 104 विधायकों ने वोट डाला. वोट डाल चुके विधायकों में 61 बीजेपी के और 43 कांग्रेस के हैं. बीजेपी नेता और गुजरात की पूर्व सीएम आनंदीबेन पटेल ने कहा कि बीजेपी उम्मीदवारों की जीत निश्चित है क्योंकि चुनाव की घोषणा के साथ ही पार्टी इस दिशा में काम करने लगी थी.