दिल्ली में विभिन्न मामलों में वांछित झपटमार मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

दिल्ली में विभिन्न मामलों में वांछित झपटमार मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

दिल्ली में विभिन्न मामलों में वांछित झपटमार मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Modified Date: January 24, 2026 / 05:46 pm IST
Published Date: January 24, 2026 5:46 pm IST

नयी दिल्ली, 24 जनवरी (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में एमबी रोड के पास पुलिस के साथ संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद फोन झपटमारी की कई घटनाओं में कथित रूप से शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कुख्यात झपटमार सतीश भाटी (22) की आवाजाही के बारे सूचना मिलने पर शुक्रवार को छठ घाट पार्क के पास जाल बिछाया।

उन्होंने बताया कि देर रात जब सतीश नजर आया और उसे रुकने का इशारा किया गया, तो उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे वह गिर गया।

अधिकारी के मुताबिक, लेकिन सतीश ने भागने की कोशिश में पुलिस दल पर गोली चला दी।

उन्होंने बताया, ‘‘आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। संक्षिप्त गोलीबारी के बाद उसे पकड़ लिया गया। इस घटना में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।’’

अधिकारी के अनुसार, तलाशी के दौरान पुलिस ने छह मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, एक पिस्तौल और एक कारतूस जब्त किया। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से चार खाली कारतूस भी बरामद किए गए।

अधिकारी ने कहा कि जब्त मोटरसाइकिल का इस्तेमाल झपटमारी की घटनाओं में किए जाने का संदेह है।

पुलिस के अनुसार, सतीश के खुलासे पर उसके कथित साथी अभिषेक (20) को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

जांचकर्ताओं ने बताया कि सतीश एक आदतन अपराधी है, जो पुल प्रह्लादपुर क्षेत्र में शस्त्र अधिनियम के कई मामलों में वांछित था। उस पर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में हाल में हुई फोन छीनने की कई घटनाओं में शामिल होने का भी संदेह है।

पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में सतीश को इस कृत्य को अंजाम देते हुए देखा गया था।

पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए तीन मोबाइल फोन पुल प्रह्लादपुर, कालकाजी, अमर कॉलोनी और ओखला थानों में दर्ज मामलों से जुड़े हुए हैं, जबकि बाकी फोन के अन्य मामलों से संबंध खंगालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, पुल प्रह्लादपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा राजकुमार पारुल

पारुल


लेखक के बारे में