हमें विरासत में मिली स्थिति: परिसंपत्तियों की आउटसोर्सिंग पर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री
हमें विरासत में मिली स्थिति: परिसंपत्तियों की आउटसोर्सिंग पर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री
जम्मू, चार फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को बताया कि कैलाश यात्रा के लिए सुंगली यात्री आधार शिविर और वर्षा आश्रय शेड की परिसंपत्तियों को आउटसोर्स किया गया है और यह स्थिति उनकी सरकार को विरासत में मिली है।
विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी के विधायक दलीप सिंह के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि 2014-15 के दौरान यात्री आधार शिविर सुंगली और कैलाश कुंड में वर्षा आश्रय शेड के निर्माण पर 279.83 लाख रुपये खर्च किए गए थे।
मुख्यमंत्री के पास पर्यटन मंत्रालय भी है।
उन्होंने कहा कि 2017 में इस संपत्ति को तीन साल की अवधि के लिए 24 लाख रुपये प्रति वर्ष की दर से आउटसोर्स किया गया था और 2024-25 के दौरान इसे फिर से 10 साल के लिए 26.25 लाख रुपये प्रति वर्ष की दर से आउटसोर्स किया गया, जिसमें हर साल 10 प्रतिशत की वृद्धि होगी।
सिंह द्वारा पूछे गए एक पूरक प्रश्न (जिसमें भद्रवाह में कैलाश यात्रा के लिए यात्री निवास और अन्य सुविधाओं के आउटसोर्सिंग पर चिंता व्यक्त की गई थी) का उत्तर देते हुए अब्दुल्ला ने कहा, ‘यह स्थिति हमें विरासत में मिली है। शुरू में यह तीन साल के लिए था और उस समय हम सत्ता में भी नहीं थे। अक्टूबर 2024 में सत्ता में आने से पहले इसे आउटसोर्स कर दिया गया था। आउटसोर्सिंग 10 साल के लिए की गई थी।’’
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


