फ्लैट लेने पर पार्टी नहीं दी तो व्यक्ति ने टैंपो चालक को आग लगाई

Ads

फ्लैट लेने पर पार्टी नहीं दी तो व्यक्ति ने टैंपो चालक को आग लगाई

  •  
  • Publish Date - April 27, 2026 / 10:35 PM IST,
    Updated On - April 27, 2026 / 10:35 PM IST

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) बाहरी दिल्ली के विजय विहार इलाके में 40 वर्षीय टेम्पो चालक को उसके परिचित ने कथित तौर पर इसलिए आग लगा दी, क्योंकि उसने फ्लैट लेने के बाद पार्टी देने और अधिक शराब दिलाने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान मन्नू उर्फ ​​राजा के रूप में हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित टेम्पो चालक है और वह लगभग 60 से 70 प्रतिशत तक जल गया है और सफदरजंग अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़ित पर हाल में फ्लैट खरीदने के बाद पार्टी का दबाव डाल रहा था। 23 अप्रैल को दोनों दिल्ली मल्टी हॉस्पिटल के पास शराब पी रहे थे, तभी आरोपी ने और शराब की मांग की और पार्टी करने के लिए कहा।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘जब पीड़ित ने इनकार किया तो दोनों में बहस होने लगी। आरोपी ने उसे गालियां दीं, उसकी गाड़ी को नुकसान पहुंचाया और बाद में उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।’

विजय विहार थाने में शाम करीब 6:10 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने तक, राकेश नामक घायल को राहगीरों ने बीएसए अस्पताल में भर्ती करा दिया था। राहगीरों ने आग बुझाने में भी मदद की।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में उसे विशेष उपचार के लिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि संबंधित धाराओं में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया और राजा को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव