तेलंगाना में घरेलू हिंसा के कारण महिला ने आत्महत्या की
तेलंगाना में घरेलू हिंसा के कारण महिला ने आत्महत्या की
हैदराबाद, 22 मई (भाषा) खम्मम जिले में एक महिला ने कथित तौर पर पति की घरेलू हिंसा से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, पति ने कथित तौर पर पहले भी 29 वर्षीय महिला की पिटाई की थी और उनके दो बेटों में से एक ने घटना का वीडियो बना लिया था। हालांकि, पुलिस ने कहा कि उन्हें वीडियो की पूरी जानकारी की पुष्टि करनी होगी।
पुलिस महिला के पति से भी पूछताछ कर रही है।
जिले के तिरुमलयापलेम में शुक्रवार सुबह घर के सामने एक ‘शेड’ में महिला का शव फंदे से लटका हुआ मिला।
मृतक महिला की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसमें उसने आरोप लगाया कि उसके दामाद का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध है और उसने पहले भी कई बार उसकी बेटी की पिटाई की थी।
शिकायतकर्ता ने इस संबंध में जांच की मांग की है कि क्या उसके दामाद ने बेटी की हत्या की या फिर उत्पीड़न के कारण उसने आत्महत्या कर ली।
शिकायत के आधार पर घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


