गोपेश्वर, 27 मई (भाषा) उत्तराखंड के चमोली जिले में आदिबद्री के समीप बदाण गाड़ के जंगलों में आग लगने पर उसकी चपेट में आने से 52 वर्षीय एक महिला की झुलसकर मौत हो गयी । अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी ।
उन्होंने बताया कि मंगलवार देर शाम बूंगा गांव की सुरेशी देवी गायों को चारा देने तथा दूध निकालने के लिए गोशाला जा रही थी और रास्ते में आग की चपेट में आ गयी ।
अधिकारियों के मुताबिक सुरेशी की चीख—पुकार सुनकर ग्रामीण मदद के लिए मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस चुकी थी ।
उन्होंने कहा कि सुरेशी को घर लाने के बाद अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जा रही थी लेकिन इसी बीच उन्होंने दम तोड़ दिया ।
वन विभाग, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को घटना के बारे में सूचित किया गया । अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग के रेंजर रवीन्द्र कुमार निराला, केदारनाथ वन प्रभाग के रेंजर नवल किशोर नेगी, क्षेत्र के उप राजस्व निरीक्षक प्रमोद नेगी रात को ही गांव में पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली ।
अधिकारियों ने बताया कि देवी के शव को बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेजा गया।
बूंगा के ग्राम प्रधान नरेंद्र विष्ट ने क्षेत्र में लगातार आग लगने की घटनाएं होने तथा उस पर काबू पाने में वन विभाग की नाकामी पर नाराजगी व्यक्त की है । उन्होंने मृत महिला के परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है ।
भाषा सं दीप्ति राजकुमार
राजकुमार