दिल्ली के हौज काजी इलाके में छत से गिरने से महिला की मौत, एक अन्य घायल

Ads

दिल्ली के हौज काजी इलाके में छत से गिरने से महिला की मौत, एक अन्य घायल

  •  
  • Publish Date - October 8, 2025 / 08:16 PM IST,
    Updated On - October 8, 2025 / 08:16 PM IST

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) मध्य दिल्ली के हौज काजी इलाके में कथित तौर पर छत से गिरने से 21 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मंगलवार रात करीब 8:40 बजे पीसीआर को कॉल मिली कि हौज काजी के हकीम बक्का इलाके में दो लोग छत से कूद गए हैं।

पुलिस मौके पर पहुंची तो एक संकरी गली में एक महिला मृत पायी गयी, जिसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। उसकी पहचान सुनीता (21) के रूप में हुई और उसी मोहल्ले में रहने वाली एक अन्य युवती, तृप्ति उर्फ ​​गुनगुन (19) को उसके परिवार वाले पहले ही अस्पताल ले जा चुके थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि सुनीता (जिसकी शादी इसी साल फरवरी में हुई थी) और तृप्ति पड़ोसी और करीबी दोस्त थीं। वे अक्सर अपने आस-पास के घरों की छत पर टहलती थीं।’

तृप्ति के भाई ने पुलिस को बताया कि घटना से कुछ समय पहले जब उसने उन्हें आखिरी बार देखा था तो दोनों सामान्य लग रही थीं।

अधिकारी ने कहा, ‘कुछ मिनट बाद उन्होंने एक जोरदार आवाज सुनी और दोनों को जमीन पर पड़ा पाया। तृप्ति (जिसे बाद में बयान के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया) ने होश में आने के बाद पुलिस को बताया कि वह बालकनी की बाड़ पर बैठी थी और सुनीता से बात करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया, जिससे दोनों गिर गईं।’

पुलिस ने कहा कि यह ऊंचाई से दुर्घटनावश गिरने का मामला प्रतीत होता है।

इस बीच, गुनगुन के परिवार के सदस्य जल नारायण दुबे ने कहा, ‘वे दोनों छत पर खेल रही थीं। मैं कुछ देर के लिए वहां था और अंधेरा होने के कारण मैंने उन्हें नीचे आने को कहा। फिर गुनगुन ने मुझसे कहा कि वे जल्द ही आ जाएंगी… हमें इस घटना के पीछे किसी गड़बड़ी का संदेह नहीं है।’

भाषा

शुभम नरेश

नरेश