कोटा (राजस्थान), नौ जुलाई (भाषा) राजस्थान के झालावाड़ में 25 वर्षीय एक महिला ने सरकारी अस्पताल में चार बच्चों को जन्म दिया। चिकित्सकों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इन नवजात में तीन पुत्री और एक पुत्र है।
उन्होंने बताया कि बुधवार शाम हुई इस प्रसूति की खबर फैलते ही अस्पताल में नवजातों के माता-पिता ज्योति और अरुण कश्यप को बधाई देने के लिए उनके परिजन और शुभचिंतक पहुंचने लगे।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने इस प्रसव को दुर्लभ बताते हुए कहा कि झालावाड़ सरकारी महिला अस्पताल में यह एक साथ चार बच्चों के जन्म का पहला मामला है, जिसका वह साक्षी बने हैं।
अरुण ने खुशी जताते हुए कहा, ‘‘यह भगवान की इच्छा है। मैं तो केवल एक बेटी की उम्मीद कर रहा था, लेकिन भगवान ने हमें तीन बेटियां और एक बेटा दिया है। उन्होंने जो भी दिया है, वह हमारे लिए खुशी की बात है।’’
दंपति का पहले से पांच वर्ष का एक बेटा भी है।
एसआरजी अस्पताल और झालावाड़ मेडिकल कॉलेज से संबद्ध राजकीय महिला चिकित्सालय के चिकित्सकों ने बताया कि समय से पहले जन्मे चारों नवजात का स्वास्थ्य फिलहाल स्थिर हैं, हालांकि इनमें से तीन की हालत गंभीर बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि चारों बच्चों का जन्म कम वजन के साथ हुआ है। उन्हें नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं, मां की हालत स्थिर है।
भाषा राखी पवनेश
पवनेश