बेंगलुरु, 29 जून (भाषा) बेंगलुरु में शादी से इनकार करने पर 23 वर्षीय एक महिला की उसके प्रेमी ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान के. पी. अग्रहारा के भुवनेश्वरी नगर निवासी अंजलि के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में आरोपी राजीव को गिरफ्तार कर लिया है। वह पिछले चार साल से अंजलि को जानता था। पुलिस के अनुसार, दोनों सहकर्मी थे और एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार शाम महालक्ष्मी लेआउट के पाइपलाइन मार्ग पर हुई।
पुलिस ने बताया कि राजीव ने कथित तौर पर अंजलि को फोन कर रात के खाने के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान आरोपी ने फिर से शादी का प्रस्ताव रखा लेकिन अंजलि के इनकार करने पर दोनों के बीच बहस हो गई।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद राजीव ने कथित तौर पर चाकू से अंजलि के गले पर वार कर दिया। स्थानीय लोगों ने उसे पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के हवाले से बताया कि अंजलि के परिवार को राजीव के साथ उसके संबंधों की जानकारी थी। परिवार ने राजीव के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके खिलाफ कम से कम तीन मामले दर्ज होने के कारण इस विवाह का विरोध किया था।
अधिकारी ने कहा कि परिवार की सलाह के बाद अंजलि ने राजीव से दूरी बनानी शुरू कर दी थी लेकिन वह कथित तौर पर उस पर शादी के लिए दबाव बनाता रहा।
उन्होंने बताया, “रविवार रात करीब 10.20 बजे महालक्ष्मी लेआउट थाना क्षेत्र में हत्या की सूचना मिली। हमने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।”
अधिकारी ने कहा कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश