देहरादून में महिला का शव मिला, नशे के कारण मौत की आशंका

Ads

देहरादून में महिला का शव मिला, नशे के कारण मौत की आशंका

  •  
  • Publish Date - March 16, 2026 / 08:37 PM IST,
    Updated On - March 16, 2026 / 08:37 PM IST

देहरादून, 16 मार्च (भाषा) देहरादून शहर के रायपुर क्षेत्र में सोमवार को एक खंडहर नुमा कमरे में एक महिला का शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि महिला की मौत एक दिन पहले हुई है और प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला नशे की आदी थी और यही उसकी मौत का कारण प्रतीत हो रहा है।

पुलिस के मुताबिक, चूना भट्टा इलाके में रिस्पना नदी के पास खंडहर नुमा कमरे में महिला की लाश पड़ी होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

उसने बताया कि महिला की शिनाख्त देहरादून के अंबीवाला की रहने वाली शिवानी अरोड़ा (26) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि परिजन से पूछताछ में पता चला है कि उसे नशे की लत थी, जिसे छुड़ाने के लिए उसे तीन बार नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। पुलिस के अनुसार आखिरी बार वह 15 दिन पहले हरिद्वार के एक नशा मुक्ति केंद्र से बाहर आई थी।

पुलिस के मुताबिक महिला की मां ने बताया है कि घटना से तीन-चार दिन पहले वह घर से गई थी और तब से नहीं लौटी थी।

पुलिस ने बताया कि शिवानी विवाहित थी और उसका पति भी नशे का आदी है जो फिलहाल उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में रह रहा है। दंपति का एक दो साल का बच्चा भी है।

पुलिस के मुताबिक, प्रथमद्रष्टया नशा ही महिला की मौत का कारण प्रतीत हो रहा है लेकिन सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा।

भाषा दीप्ति जोहेब

जोहेब

जोहेब