युवा कांग्रेस प्रमुख की मां ने उदय भानु की गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित बताया

Ads

युवा कांग्रेस प्रमुख की मां ने उदय भानु की गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित बताया

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 04:24 PM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 04:24 PM IST

जम्मू, 24 फरवरी (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के प्रमुख उदय भानु चिब की मां ने उनकी गिरफ्तारी की मंगलवार को निंदा करते हुए इसे अनुचित और राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया। वहीं, जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जोर देकर कहा कि कोई भी कार्रवाई पार्टी के कार्यकर्ताओं को केंद्र की भाजपा नीत सरकार की ‘‘गलत नीतियों’’ के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखने से नहीं रोक पाएगी।

चिब की मां रजनी बाला ने कहा कि उनके बेटे के खिलाफ की गई कार्रवाई सरकार के ‘‘तानाशाही’’ और ‘‘मनमानी’’ वाले रवैये को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन एक मौलिक लोकतांत्रिक अधिकार है।

पिछले सप्ताह दिल्ली में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक समूह द्वारा शर्ट उतार कर किये गए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में चिब को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

विरोध प्रदर्शन का बचाव करते हुए, बाला ने कहा कि इसमें ‘‘कुछ भी शर्मनाक नहीं’’ है और तर्क दिया कि गरीबी और बेरोजगारी ही देश के समक्ष असली चिंताएं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हर कोई जानता है कि यह एक तानाशाह सरकार है, जिसके शासनकाल में विरोध करने वाले किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया जाता है। विरोध करना अपराध नहीं है। लोगों के मुद्दों को उठाना और देश के उन युवाओं के लिए लड़ना, जो बेरोजगार भटक रहे हैं, अपराध नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों की आजीविका छिन गई है, कारोबार प्रभावित हो रहे हैं और उनके लिए आवाज उठाना कोई अपराध नहीं है। जहां तक शर्ट उतार कर विरोध प्रदर्शन करने की बात है, मुझे इसमें कुछ भी शर्मनाक नहीं लगता। हमारे देश में ऐसे लोग हैं जो इतने गरीब हैं कि उनके पास पहनने के लिए शर्ट तक नहीं है, यह अपने आप में शर्म की बात है।’’

शुक्रवार को, युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक समूह ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में, एआई समिट स्थल के हॉल नंबर 5 के अंदर अपनी शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था।

स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महात्मा गांधी द्वारा पहने जाने वाले साधारण वस्त्र से तुलना करते हुए बाला ने कहा कि विरोध के तरीकों को अनादरपूर्ण नहीं समझा जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी उन मामलों में कार्रवाई करने में विफल रहते हैं जहां एक विश्वविद्यालय के खिलाफ गंभीर आरोप सामने आते हैं, जैसे कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट-2026 में एक चीनी रोबोट को पेश किया जाना, या केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के खिलाफ आरोप।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या देश में दो तरह के कानून हैं?’’

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रवींदर शर्मा ने एक पोस्ट में कहा कि पार्टी की प्रदेश इकाई उदय भानु चिब के साथ एकजुटता से खड़ी है, जिन्होंने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के माध्यम से देश के युवाओं की आवाज उठाई है।

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीकों से लड़ने से हमारे कार्यकर्ताओं को कोई नहीं रोक सकता।’’

भाषा //सुभाष माधव

माधव