युवा नशे की लत से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें: ओडिशा के मुख्यमंत्री

Ads

युवा नशे की लत से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें: ओडिशा के मुख्यमंत्री

  •  
  • Publish Date - September 21, 2025 / 06:46 PM IST,
    Updated On - September 21, 2025 / 06:46 PM IST

भुवनेश्वर, 21 सितंबर (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को राज्य के युवाओं से किसी भी प्रकार की लत से दूर रहने का आग्रह किया और कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि वे राष्ट्र निर्माण में योगदान देंगे।

भुवनेश्वर में ‘नमो युवा दौड़’ की शुरुआत करते हुए माझी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नशा मुक्त भारत का आह्वान युवाओं को जागरुक करेगा।

मुख्यमंत्री ने ‘नमो युवा दौड़’ को शुरू करते हुए नशामुक्त राष्ट्र का संदेश दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के अनेक संकल्पों ने देश की अनेक समस्याओं का समाधान किया है। गरीबी अब अपने न्यूनतम स्तर पर है। हम हर गांव तक बिजली और पेयजल पहुंचा रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और स्टैंड अप इंडिया जैसी योजनाएं देश को आत्मनिर्भरता के पथ पर आगे ले जा रही हैं।

माझी ने युवाओं से शराब, धूम्रपान या नशे की लत से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि यह न केवल एक व्यक्ति को बर्बाद करता है बल्कि परिवारों को भी नुकसान पहुंचाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘नशे की लत पढ़ाई में असफलता, स्वास्थ्य पर बुरा असर और आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा देती है। नशे में डूबा युवा अपने माता-पिता के सपनों को चकनाचूर कर समाज और देश के लिए बोझ बन जाता है।’

माझी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का नकारात्मक उपयोग करने के बजाय इसका पूरा उपयोग राष्ट्र निर्माण में करें।

भाषा प्रीति नोमान

नोमान