जुबिन गर्ग की मौत मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए: खरगे
जुबिन गर्ग की मौत मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए: खरगे
नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कहा कि गायक जुबिन गर्ग की मौत के मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा ज़िम्मेदार लोगों को सख्त सज़ा मिलनी चाहिए।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि गर्ग भारत की एक लोकप्रिय सांस्कृतिक हस्ती थे, जिनके निधन ने लाखों प्रशंसकों, खासकर असम के लोगों पर गहरा प्रभाव डाला है।
खरगे ने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी उनके परिवार और प्रशंसकों के लिए न्याय की मांग करती है। उनकी मृत्यु की जांच स्वतंत्र और निष्पक्ष होनी चाहिए। उनके निधन के लिए ज़िम्मेदार लोगों को क़ानून के अनुसार कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए।’’
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जुबिन और उनकी आवाज़ भारत के दिलों-दिमाग़ में बसी हुई है।
बीते 19 सितंबर को 52 वर्षीय जुबिन की सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय मृत्यु हो गई। वह चौथे पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में शामिल होने वहां गए थे।
असम पुलिस की सीआईडी का 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) इस मामले की जांच कर रहा है।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को गुवाहाटी स्थित काहिलीपारा में जुबिन के आवास पर दिवंगत गायक के परिवार से मुलाक़ात की।
भाषा हक हक पवनेश
पवनेश

Facebook


