Tamil Nadu Election Results 2026 / Image Source : file
चेन्नई : Tamil Nadu Election Results 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों ने पूरे देश को चौंका दिया है, जहाँ अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (TVK) ने अपने पहले ही चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। सोमवार को घोषित हुए नतीजों में TVK ने 234 विधानसभा सीटों में से 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। इस शानदार सफलता के साथ ही राज्य में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज़ हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, TVK को सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों के समर्थन की ज़रूरत है, जबकि उनके पास अभी 108 सीटें हैं। बहुमत के इस आंकड़े तक पहुँचने के लिए विजय को अभी 10 और विधायकों का समर्थन जुटाना होगा। इस बीच, राजनीतिक समीकरण तेज़ी से बदल रहे हैं।
बता दें की आज दोपहर TVK प्रमुख विजय से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुलाकात करेंगे। चुनावी आंकड़ों पर नज़र डालें तो DMK को 59, AIADMK को 47, कांग्रेस को 5 और बीजेपी को 1 सीट मिली है। कांग्रेस का रुख TVK के लिए सरकार गठन में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
आपको बता दें की सोमवार को घोषित नतीजों में टीवीके ने सत्तारूढ़ द्रमुक और मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन को उनके कोलाथुर निर्वाचन क्षेत्र में करारी शिकस्त दी, जबकि अन्नाद्रमुक (AIADMK) को तीसरे स्थान पर धकेल दिया। वर्ष 1967 के बाद यह पहला मौका है जब राज्य में दो प्रमुख द्रविड़ दलों के अलावा किसी अन्य पार्टी ने सत्ता की दौड़ में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल की है। टीवीके 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटें जीतकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।
विजय ने पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व, दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से शानदार जीत हासिल की है। इतना ही नहीं, इस जीत के साथ विजय राज्य के अल्पसंख्यक (ईसाई) समुदाय से आने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं जो तमिलनाडु की बागडोर संभालेंगे।