rohit shetty / image source: vani_mehrotra x handle
Rohit Shetty House Firing Case: मुंबई: मुंबई के जुहू इलाके में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुणे पुलिस ने रविवार को पांच लोगों को हिरासत में लिया है। घटना बीती रात लगभग 12 बजकर 45 मिनट पर हुई थी, जब कुछ हमलावरों ने शेट्टी के 9 मंजिला आवास की पहली मंजिल पर करीब 5 राउंड फायरिंग की। इस दौरान एक गोली बिल्डिंग में मौजूद जिम के शीशे में जा फंसी, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने रोहित शेट्टी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। इस मामले में वर्जे मालवाड़ी पुलिस स्टेशन की टीम ने पुणे के कर्वेनगर और ध्यारी इलाके में एक ऑपरेशन के दौरान पांच लोगों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम अमान आनंद मारोटे (27), आदित्य ज्ञानेश्वर गायकी (19), सिद्धार्थ दीपक येनपुरे (20), समर्थ शिवशरण पोमाजी (18) और स्वप्नील बंडू सकट (23) बताए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस हमले के तुरंत बाद घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस और बैलिस्टिक्स एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची। सभी संभावित सबूत इकट्ठा कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी। इस मामले में मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास (भारतीय दंड संहिता) और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। शुरुआती जांच में पुलिस की शक की सुई लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर भी गई है, हालांकि इस गैंग ने अब तक हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
रोहित शेट्टी अपने परिवार के साथ ‘शेट्टी टॉवर’ में रहते हैं। सूत्रों के अनुसार, इस टॉवर में कुल आठ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और बाहर आने-जाने के लिए दो गेट हैं। गोलीबारी के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। रोहित शेट्टी की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जुहू में रोहित शेट्टी के घर के आसपास कई सेलिब्रिटी के घर भी हैं। पिछले साल इसी इलाके में सलमान खान के घर के पास भी फायरिंग हुई थी, जिसके बाद इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई थी। इस मामले ने स्थानीय निवासियों में डर पैदा कर दिया है, और पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि फायरिंग के पीछे मकसद क्या था और इसमें कौन-कौन शामिल था। शुरुआती जांच के आधार पर पता चला है कि यह कोई व्यक्तिगत हमला नहीं था, बल्कि संगठित गैंग्स से जुड़ा मामला हो सकता है।