weather / image source: IBC24
भोपाल: मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज हर दिन बदलता नजर आ रहा हैष कभी प्रदेश में तेज बारिश देखी जा रही है, तो कभी ओलावृष्टि हो रही है। बीते कुछ दिनों से प्रदेश में ओले-बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश जिलों में वर्षा और ओलावृष्टि देखने को मिली है। बता दें की सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश हुई।
आज मौसम विभाग ने भोपाल सहित 20 जिलों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग ने बताया है कि, मंगलवार यानी आज ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, आगर-मालवा, राजगढ़, विदिशा, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, भिंड, मुरैना, दतिया, श्योपुर, शिवपुरीऔर रीवा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में सुबह और रात के समय विजिबिलिटी कम रहने की संभावना है, जिससे सड़क पर यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ग्वालियर-चंबल संभाग में घने कोहरे के कारण हवा की गति कम होने के साथ दृश्यता घट गई है। वहीं, अन्य जिलों में हल्की बारिश और ओलों के साथ-साथ ठंडी हवाओं का प्रभाव महसूस किया जा रहा है।
प्रदेश में ठंड का असर बढ़ा है। जेट स्ट्रीम हवाओं के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। दिन का तापमान अपेक्षाकृत सामान्य रहने के बावजूद रात के समय लोगों को शीतलहर का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड के साथ रुक-रुक कर बारिश की संभावना बनी रहेगी। 10 फरवरी तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसमी बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और जेट स्ट्रीम हवाओं के मिश्रित प्रभाव से हो रहा है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य भागों में ठंडी हवाओं के आने से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का असर देखा जा रहा है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में तापमान और कम हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि जब सिस्टम वापस लौटेगा तो ठंड का असर एक दौर और आएगा। प्रदेश में दिन-रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।