भोपाल: राज्य सेवा परीक्षा 2023 का अंतिम रिजल्ट मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने जारी कर दिया है। पन्ना के अजीत मिश्रा ने टॉप किया। अभी वह मैहर में नायब तहसीलदार पद पर पदस्थ है। सागर के यशपाल स्वर्णकार तीसरी रैंक पर रहे। सीएम मोहन यादव ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।
MPPSC 2023 Result सीएम मोहन यादव ने एक्स पर लिखा है कि मध्यप्रदेश लोकसेवा आयोग की राज्य सेवा परीक्षा 2023 में चयनित प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। योग्यता, समर्पण और संकल्प से आप प्रदेश की प्रगति एवं लोकसेवा के नव सोपान स्थापित करें, यही मंगलकामनाएं हैं। सफलता के लिए आपके अभिभावकों, गुरुजनों व मार्गदर्शकों को भी बधाई।
229 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई परीक्षा
MPPSC 2023 Resultबता दें कि यह परीक्षा 229 पदों की भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। इनमें से 197 पदों पर चयन किया गया है, जबकि 7 पद भूतपूर्व सैनिकों के लिए रिक्त रह गए हैं। MPPSC राज्य सेवा परीक्षा 2023 की प्रारंभिक परीक्षा के बाद मुख्य परीक्षा 11 से 16 मार्च 2024 के बीच आयोजित हुई थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा का परिणाम 30 दिसंबर 2024 को जारी किया गया था। चयनित अभ्यर्थियों के साक्षात्कार (इंटरव्यू) की प्रक्रिया 7 जुलाई से 7 अगस्त 2025 के बीच सम्पन्न हुई थी।