दतिया, 12 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में टिकट से वंचित किए गए राज्य के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों का आक्रोश खत्म कर उन्हें साधने की कोशिशों के तहत रविवार को यहां मैराथन बैठकें कीं।
पार्टी नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने और भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने के लिए मैदान में डंट जाने का आह्वान किया।
तिवारी सोमवार को यहां कलेक्टर कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्यप्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और नरोत्तम मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता वहां मौजूद रहेंगे।
भाजपा के मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने कहा कि नामांकन के बाद दोपहर एक बजे किला चौक पर विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसे सभी वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
मिश्रा को टिकट से वंचित किए जाने के बाद उनके समर्थकों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला था और कुछ स्थानों पर इसने हिंसक स्वरूप भी ले लिया था, जिसमें पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारी चोटिल हो गए थे।
इन घटनाओं के मद्देनजर मुख्यमंत्री यादव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने मिश्रा से भोपाल में चर्चा की और कार्यकर्ताओं के आक्रोश को खत्म करने के लिए वरिष्ठ नेताओं को दतिया भेजा।
पार्टी नेताओं के मुताबिक, खंडेलवाल, महेंद्र सिंह, देवड़ा, कृषि मंत्री और जिला प्रभारी ऐदल सिंह कंसाना और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए एक साथ और फिर कुछ अलग-अलग बैठकें कीं तथा कार्यकर्ताओं को एकजुटता का संदेश दिया।
पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन सर्वोच्च है और उसके फैसले को स्वीकार करते हुए तिवारी के पीछे मजबूती से खड़े होना है।
कांग्रेस ने 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए दतिया राजघराने से ताल्लुक रखने वाले पूर्व विधायक घनश्याम सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।
खंडेलवाल ने बाद में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नरोत्तम मिश्रा ने लगातार इस क्षेत्र में सक्रिय रहकर विकास कार्य किया है और लोगों का दिल जीता है, लेकिन पार्टी ने तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया है।
उन्होंने कहा कि मिश्रा की ओर से दतिया में कराए गए विकास कार्यों के आधार पर भाजपा उपचुनाव में जनता के बीच जा रही है।
खंडेलवाल ने भरोसा जताया कि भाजपा दतिया सीट कांग्रेस से छीनेगी और तिवारी भारी बहुमत से विजयी होंगे।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में दतिया में कांग्रेस के राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था।
हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन साल की जेल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी। बाद में भारती को जमानत मिल गई।
उपचुनाव कार्यक्रम के अनुसार, दतिया विधानसभा सीट पर मतदान 30 जुलाई को होगा और मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी।
भाषा
ब्रजेन्द्र पारुल
पारुल