इंदौर, 25 अक्टूबर (भाषा) इंदौर-1 के कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को इस सीट से पर्चा भरा और शहर में नशे की कथित अपसंस्कृति को लेकर अपने मुख्य चुनावी प्रतिद्वंद्वी भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ निशाना साधा।
शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा के राज में शहर में नशे की अपसंस्कृति फैली, लेकिन विजयवर्गीय इस सिलसिले में मौन बने रहे।
इंदौर-1 से भाजपा उम्मीदवार बनाए गए विजयवर्गीय अपने चुनाव प्रचार में मतदाताओं से मुख्य रूप से यह वादा कर रहे हैं कि वह इस क्षेत्र में नशे के कथित अवैध कारोबार पर अंकुश लगवाएंगे।
शुक्ला ने नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि विजयवर्गीय चुनावी बेला में जनता को गुमराह कर रहे हैं, जबकि हकीकत यह है कि शहर में नशे का ‘‘नाइट कल्चर’’ (नशे की कथित रात्रिकालीन अपसंस्कृति) भाजपा के राज में फैला।
कांग्रेस विधायक ने कहा,‘‘राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद शहर में पिछले 15 साल से नशीले पदार्थों की लगातार आपूर्ति हो रही है जिससे युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है, लेकिन उन्होंने (विजयवर्गीय ने) इस विषय में कुछ भी नहीं बोला।’’
उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर शहर में नशे की अपसंस्कृति पर रोक लगाई जाएगी।
वर्ष 2018 के पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान शुक्ला ने अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार सुदर्शन गुप्ता को 8,163 वोट से हराया था। कांग्रेस ने शुक्ला पर दोबारा भरोसा जताते हुए उन्हें इंदौर-1 से उम्मीदवार बनाया है, जबकि विजयवर्गीय को भाजपा ने 10 साल के लम्बे अंतराल के बाद चुनावी टिकट दिया है।
भाषा हर्ष राजकुमार