इंदौर में ईवी के ‘चार्जिंग प्वाइंट’ में विस्फोट के बाद मकान में आग लगने से आठ लोगों की मौत

Ads

इंदौर में ईवी के ‘चार्जिंग प्वाइंट’ में विस्फोट के बाद मकान में आग लगने से आठ लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - March 18, 2026 / 02:37 PM IST,
    Updated On - March 18, 2026 / 02:37 PM IST

(तस्वीरों के साथ जारी)

इंदौर (मध्यप्रदेश), 18 मार्च (भाषा) इंदौर में तीन मंजिला मकान के बाहर बुधवार तड़के इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) को चार्ज किए जाने के दौरान हुए धमाके के बाद इस इमारत में आग लगने से एक ही परिवार के दो बच्चों और तीन महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना पर शोक जताया है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मध्यप्रदेश के इंदौर में हुए अग्निकांड में लोगों के हताहत होने से मैं अत्यंत व्यथित हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

उन्होंने इस घटना में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और हर घायल को 50,000-50,000 रुपये की सहायता राशि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) के जरिये देने की घोषणा की।

इस बीच, प्रदेश सरकार ने विशेषज्ञों की समिति से इस घटना की विस्तृत जांच कराए जाने और ईवी चार्ज करने के संबंध में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कराए जाने की घोषणा की है।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कुंदन मंडलोई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी के एक मकान में बुधवार तड़के 03:30 बजे से 04:30 बजे के बीच आग लगी।

शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया ने बताया कि इस घटना में मारे गए आठ लोगों के शव एक सरकारी अस्पताल में लाए गए हैं और उनका पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

घनघोरिया ने बताया कि मृतकों की पहचान तन्मय (छह), राशि सेठिया (12), सिमरन (30), टीनू (35), सुमन सेठिया (60), विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22) और मनोज (65) के रूप में हुई है।

उन्होंने कहा, ‘‘आग लगने के बाद बचाए गए दो लोगों को भी अस्पताल लाया गया था। हालांकि, उन्होंने प्राथमिक उपचार के बाद अपना इलाज दूसरे अस्पताल में कराने की इच्छा जताई जिसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।’’

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मकान के बाहर एक कार को चार्ज किया जा रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘चार्जिंग प्वाइंट में धमाका हुआ और इसके बाद कार में लगी आग ने मकान को अपनी जद में ले लिया।’’

उन्होंने बताया कि घर के दरवाजों पर इलेक्ट्रॉनिक ताले लगे थे और इस कारण पुलिस को दरवाजे तोड़कर अंदर जाने में मुश्किल पेश आई।

पुलिस आयुक्त ने बताया कि घर के भीतर रखे रसोई गैस के सिलेंडरों में भी धमाके हुए जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आग लगने के दौरान घर में फंसे तीन लोगों को बाहर निकालकर बचाया गया।’’

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना में लोगों के हताहत होने पर शोक जताया है।

मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा, ‘‘इंदौर में हुई अग्नि दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। हादसे में मारे गए नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’

घटना के बाद मौके पर पहुंचे राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘‘यह दु:खद घटना सचेत करने वाली है क्योंकि ईवी को चार्ज किए जाने के दौरान मकान में आग लगी। हमने पुलिस और प्रशासन से कहा है कि विशेषज्ञों की समिति से विस्तृत जांच कराई जाए ताकि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो।’’

विजयवर्गीय ने कहा कि इस घटना की जांच के साथ ही ईवी चार्ज किए जाने को लेकर एसओपी भी तैयार कराई जाएगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाक्रम के कारण कच्चे तेल के भाव बढ़ने के मद्देनजर बिजली से चलने वाले वाहनों को लेकर लोगों का रुझान बढ़ रहा है। ऐसे में ईवी चार्ज किए जाने के दौरान सामने आया यह अग्निकांड हमें आगाह करता है।’’

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री ने घटनास्थल के आस-पास छोटे भूखंडों पर विशाल इमारतों के निर्माण और मुख्य सड़क के दोनों ओर कारें खड़ी किए जाने से एम्बुलेंस एवं अन्य गाड़ियों की आवाजाही के लिए मार्ग के संकरे होने पर भी चिंता जताई।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इन समस्याओं के निराकरण के लिए क्षेत्र के रहवासी संघों के अधिकारियों से चर्चा करूंगा।’’

भाषा हर्ष सिम्मी

सिम्मी