आईआईटी-इंदौर में रखी गई सौर ऊर्जा संयंत्र की नींव, हर साल होगी 75 लाख रुपये की बचत

Ads

आईआईटी-इंदौर में रखी गई सौर ऊर्जा संयंत्र की नींव, हर साल होगी 75 लाख रुपये की बचत

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 08:15 PM IST

इंदौर, 30 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश में इंदौर के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) ने सोमवार को अपने परिसर में एक मेगावाट के सौर ऊर्जा संयंत्र की नींव रखी और इस परियोजना के शुरू होने पर संस्थान के बिजली के बिल में हर साल करीब 75 लाख रुपये की बचत होगी। संस्थान की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति में बताया गया कि आईआईटी-इंदौर के संचालक मंडल के अध्यक्ष डॉ. के. सिवन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संस्थान के सौर ऊर्जा संयंत्र की आधारशिला रखी गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक आईआईटी-इंदौर अपने परिसर के 3.15 एकड़ क्षेत्र में एक मेगावाट (1,000 किलोवाट) का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर रहा है और इसके शुरू होने पर संस्थान के सालाना बिजली बिल में 75 लाख रुपये की कटौती होगी।

विज्ञप्ति में बताया गया कि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख सिवन ने आईआईटी परिसर में 63,840 वर्ग फुट में बनने वाले केंद्रीय विद्यालय के नये भवन की आधारशिला भी रखी। इसके साथ ही 21,662 वर्ग फुट क्षेत्र में फैले एक नये अनुसंधान परिसर का उद्घाटन किया जिसमें 10 उन्नत प्रयोगशालाएं शामिल हैं।

विज्ञप्ति में कहा गया कि यह परिसर उच्चस्तरीय वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए अनुकूल परिवेश प्रदान करेगा और इसकी लागत लगभग 11.8 करोड़ रुपये है।

भाषा

हर्ष रवि कांत