यूक्रेन में फंसे भारतीय विद्यार्थी ने परिवार से कहा, दुकानों में राशन खत्म हो गया है

Ads

यूक्रेन में फंसे भारतीय विद्यार्थी ने परिवार से कहा, दुकानों में राशन खत्म हो गया है

  •  
  • Publish Date - February 24, 2022 / 06:58 PM IST,
    Updated On - February 24, 2022 / 06:58 PM IST

इंदौर (मध्यप्रदेश), 24 फरवरी (भाषा) रूसी हमले के कारण यूक्रेन में फंसे एक भारतीय विद्यार्थी ने इंदौर में रहने वाले अपने परिजनों को बृहस्पतिवार को आंखों देखा हाल सुनाते हुए बताया कि डर और अफरा-तफरी के माहौल के बीच वहां दुकानों में राशन और एटीएम में नकदी खत्म हो गई है।

यूक्रेन के जापोरीज्ज्या चिकित्सा विश्वविद्यालय में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे आशीष चंद्रा (22) ने वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान अपने माता-पिता को यह जानकारी दी।

एमबीबीएस के विद्यार्थी ने यूक्रेन से बताया,‘‘मेरे घर से करीब पांच किलोमीटर दूर धमाका हुआ है। यहां (यूक्रेन) डर और अफरा-तफरी का माहौल है।’’

उन्होंने बताया,’दुकानों में राशन का स्टॉक खत्म हो गया है। मेरे खाते में रकम है, लेकिन एटीएम में नकदी नहीं बची है और दुकानदार कार्ड से भुगतान स्वीकार नहीं कर रहे हैं।’’

चंद्रा के पिता अमरेश कुमार सिन्हा ने इंदौर में ‘‘पीटीआई-भाषा’’ से कहा,‘‘मैं अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हूं। उसे 26 फरवरी (शनिवार) की उड़ान से यूक्रेन से भारत आना था, लेकिन रूसी आक्रमण के चलते उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।’’

उन्होंने कहा,‘‘भारत सरकार को यूक्रेन में फंसे भारतीय विद्यार्थियों की जल्द से जल्द स्वदेश वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए। मेरे जैसे कई भारतीय अभिभावकों को भारत सरकार की त्वरित मदद की दरकार है जिनकी संतानें रूसी आक्रमण के बीच यूक्रेन में फंसी हैं।’

सिन्हा ने बताया कि वह और उनकी पत्नी अनामिका अपने बेटे की खैरियत जानने के लिए उसे लगातार वीडियो कॉल कर रहे हैं। इस दौरान चिंतित मां ने यूक्रेन में फंसे बेटे को बार-बार यह हिदायत दी कि वह घर से बाहर न निकले।

भाषा हर्ष नोमान

नोमान