Reported By: Vikas Barman
,Cyber Fraud with BJP MLA Sanjay Pathak: साइबर ठगों ने प्रदेश के कद्दावर भाजपा विधायक की कंपनी को एक झटके में लगाया 1.5 करोड़ रुपए का चूना, 16 लाख रुपए ही बचा पाई पुलिस / Image: AI Generated
कटनी: Cyber Fraud with BJP MLA Sanjay Pathak मध्यप्रदेश के दिग्गज बीजेपी विधायक संजय पाठक की कंपनी से डेढ़ करोड़ रुपए की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बुधवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है, जहां मैसर्स रामचंद्र फर्म के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर से आए मैसेज पर अकाउंटेंट ने बिना किसी संदेह के तत्काल 1.5 करोड़ रुपए एक खाते में ट्रांसफर कर दिए। कंपनी को ठगी का एहसास तब हुआ, जब सीनियर डायरेक्टर ने ऐसा कोई मैसेज भेजने से इनकार कर दिया। वहीं घटना की जानकारी लगते ही कटनी पुलिस ने अकाउंट पर होल्ड लगवाते हुए FIR करवाते हुए जांच शुरूकर दी है।
Cyber Fraud with BJP MLA Sanjay Pathak जानकारी के मुताबिक घटना बुधवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। उस समय विधायक संजय पाठक फ्लाइट में थे। उन्होंने बताया कि ठगों ने हमारी मैसर्स रामचंद्र फर्म के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर अकाउंटेंट शैलेश तिवारी को तत्काल 1.5 करोड़ रुपए एक खाते में ट्रांसफर करने का व्हाट्सएप मैसेज भेजा। मैसेज कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी के नंबर से आने के कारण अकाउंटेंट को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ और उसने राशि ट्रांसफर कर दी।
वहीं शाम करीब 5 बजे फ्लाइट से उतरने के बाद उन्हें पूरी घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने तुरंत एसपी अभिनय विश्वकर्मा से संपर्क किया और रंगनाथ थाने में एफआईआर दर्ज कराई। शुरुआती जांच में पता चला कि ठगी की रकम कोलकाता में निकाली गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिस बैंक खाते में राशि भेजी गई थी उसे होल्ड कराया, जिससे करीब 16 लाख रुपए सुरक्षित कर लिए गए।
एएसपी कमल मौर्य ने बताया कि अकाउंटेड शिकायकर्ता शैलेश तिवारी ने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई थी जिस पर सक्रिय हुई साइबर टीम ने संबंधित खाते पर तत्काल होल्ड लगवाया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।