मप्र के मुख्यमंत्री यादव को भाया हापुस आम, कोंकण के उत्पादकों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

Ads

मप्र के मुख्यमंत्री यादव को भाया हापुस आम, कोंकण के उत्पादकों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा

  •  
  • Publish Date - May 9, 2026 / 10:05 PM IST,
    Updated On - May 9, 2026 / 10:05 PM IST

इंदौर, नौ मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र के हापुस आम उत्पादकों से मुलाकात की और उन्हें 11,000-11,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

यादव ने इंदौर में आयोजित ‘मैंगो जत्रा’ में कोंकण क्षेत्र से आए आम उत्पादकों से मुलाकात की और आम प्रदर्शनी का जायजा लिया। इस सालाना प्रदर्शनी में कोंकण के रत्नागिरी और देवगढ़ के प्रसिद्ध हापुस आम बिक्री के लिए रखे गए हैं।

इस मौके पर लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष सुमित्रा महाजन भी मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर में हर साल लगने वाली हापुस आम प्रदर्शनी केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के मालवा और महाराष्ट्र के कोंकण के बीच आत्मीयता का प्रतीक भी है।

उन्होंने कहा कि रत्नागिरी और देवगढ़ के हापुस आमों की देश-दुनिया में अलग पहचान है।

यादव ने कहा कि कोंकण के कई किसान पिछले 15 वर्षों से इंदौर आकर हापुस आम बेच रहे हैं और उन्हें यहां अच्छा बाजार मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में शामिल कोंकण के सभी 24 आम उत्पादक किसानों को प्रोत्साहन राशि के तौर पर 11,000-11,000 रुपये देने की घोषणा की।

राज्य सरकार 2026 को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के तौर पर मना रही है। मुख्यमंत्री यादव इंदौर में लोक कलाओं के आयोजन ‘मालवा उत्सव’ में भी शामिल हुए और राज्य सरकार की ओर से आयोजक संस्था को पांच लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।

यादव, शुभेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समारोह में शामिल होने के बाद इंदौर पहुंचे थे।

उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत का जिक्र करते हुए संवाददाताओं से कहा,‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में कमल (भाजपा का चुनाव चिह्न) खिला है और यह राज्य अब देश के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा।’’

भाषा हर्ष जितेंद्र

जितेंद्र