मप्र: मैहर में ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, पीड़ितों को बचाने गए युवक सहित तीन की मौत
मप्र: मैहर में ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, पीड़ितों को बचाने गए युवक सहित तीन की मौत
मैहर (मध्यप्रदेश), 19 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के मैहर में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने शारदा देवी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो लोगों सहित कुल तीन की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना जिले के आमदरा थाना क्षेत्र अन्तर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सूरमा मोड़ पर रात करीब 1.30 बजे के लगभग हुई।
पुलिस के मुताबिक जिले के रीठी क्षेत्र के एक परिवार के 25 से अधिक लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर मैहर में पूजा करने मां शारदा देवी मंदिर जा रहे थे।
मैहर के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) महेंद्र सिंह ने ‘पीटीआई वीडियो सेवा’ से बातचीत में बताया कि इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि इलाज के दौरान दो अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि हादसे में करीब 25 लोग घायल हुए हैं और सभी का कटनी और जबलपुर के विभिन्न अस्पतालों में इलाज में जारी है।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान कराई जा रही है और फिलहाल इस पूरे मामले की जांच पुलिस कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यह हादसा इतना खौफनाक था कि पहली टक्कर के बाद भी ट्रक चालक नहीं रुका और अपना ट्रक तेजी से भगाकर निकालने के चक्कर में उसने और दो बार टक्कर मारी।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत पीड़ितों को बचाने पहुंचे, लेकिन इसी बीच वहां लोगों को बचाने गए एक स्थानीय युवक को एक अन्य वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक ट्रैक्टर में सवार श्रद्धालुओं में से एक पुरुष और एक महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
अधिकारियों के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही आमदरा थाना प्रभारी टीकाराम कुर्मी अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तभी वहां से गुजर रहे एक दूसरे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें भी टक्कर मार दी।
पुलिस के मुताबिक इस हादसे में थाना प्रभारी भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जबलपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र वैभव
वैभव

Facebook


