जबलपुर। MLA Mukesh Malhotra Membership मध्यप्रदेश में कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव हाईकोर्ट द्वारा शून्य घोषित किए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। अदालत के फैसले में भाजपा नेता रामनिवास रावत को निर्वाचित घोषित किया गया है। इस फैसले के बाद सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के नेताओं की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा न्यायालय के निर्णय का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने जो भी निर्णय दिया है, उसका पालन किया जाएगा। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि न्यायालय ने न्याय किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करती है और अदालत के निर्णय का पालन करेगी।
MLA Mukesh Malhotra Membership दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से फैसले पर असहमति के संकेत मिले हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले का अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानूनी रूप से जो भी कदम उठाए जा सकते हैं, कांग्रेस उन्हें उठाएगी। जरूरत पड़ने पर मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी ले जाया जा सकता है। हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
कांग्रेस MLA मुकेश मल्होत्रा की विधायकी रद्द होने पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि आज भाजपा ने कांग्रेस के एक आदिवासी विधायक मुकेश मल्होत्रा को पदमुक्त करवा दिया और हारे हुए प्रत्याशी को वापस विधायक घोषित करवा लिया। ये भारतीय जनता पार्टी के अंत की शुरुआत है। भाजपा को यह कभी स्वीकार नहीं होगा कि एक आदिवासी व्यक्ति सामान्य सीट से विधायक कैसे बन गया। भाजपा सदन में आदिवासी नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जी से उनकी औकात पूछती है और चुने हुए आदिवासी विधायकों का चुनाव साम, दाम, दंड, भेद लगाकर शून्य करवाती है। स्पष्ट है कि भारतीय जनता पार्टी दलित और आदिवासी विरोधी है। हमें माननीय सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा है। हम सुप्रीम कोर्ट में अपील कर कानूनी तरीके से फिर से कांग्रेस का विधायक बनवाएँगे।
इस मामले पर राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के दिग्गज नेता विवेक तनखा ने कहा कि विजयपुर सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा जी का चुनाव रद्द और रावत जी को विजय घोषित करने (ग्वालियर हाई कोर्ट) के फैसले को शीघ्र सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला ले लिया गया है। कांग्रेस पार्टी एवं विधायक मुकेश मल्होत्रा इस फैसले को त्रुटिपूर्ण मानती हैं।
विजयपुर सीट से @INCMP के विधायक मुकेश मल्होत्रा जी का चुनाव रद्द और रावत जी को विजय घोषित करने (ग्वालियर हाई कोर्ट) के फैसले को शीघ्र सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने का फैसला ले लिया गया है। कांग्रेस पार्टी एवं विधायक मुकेश मल्होत्रा इस फैसले को त्रुटिपूर्ण मानती हैं। @jitupatwari
— Vivek Tankha (@VTankha) March 9, 2026