सिंहस्थ मेला: उज्जैन में घाट निर्माण कार्यों का मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया निरीक्षण
सिंहस्थ मेला: उज्जैन में घाट निर्माण कार्यों का मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया निरीक्षण
(फाइल फोटो के साथ)
उज्जैन, 26 मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को उज्जैन में क्षिप्रा नदी के तट पर निर्माणाधीन घाटों का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि 2028 के सिंहस्थ कुंभ मेला से पहले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने श्री अंगारेश्वर मंदिर से श्री सिद्धवट तक क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां स्नान और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए घाट तैयार किए जा रहे हैं।
यादव ने निर्देश दिए कि नए घाटों से लगभग 200 मीटर के दायरे में कपड़े बदलने की सुविधा उपलब्ध कराई जाए और सुविधाजनक स्थानों पर शौचालय बनाए जाएं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रमुख घाटों पर प्रत्येक 200 मीटर पर ‘सुविधा घर’ विकसित किए जाएं, जबकि सीढ़ियां और पहुंच मार्ग हर 500 मीटर पर बनाए जाएं।
अधिकारी ने बताया कि यादव ने श्री सिद्धवट और श्री अंगारेश्वर मंदिर के बीच निर्माणाधीन पुल का भी निरीक्षण किया। इस पुल के बनने से दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच आवागमन सुगम होगा और श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्ग भी उपलब्ध होगा।
अधिकारी ने बताया कि घाटों पर स्नान के लिए पांच मीटर चौड़े प्लेटफॉर्म तैयार किए जा रहे हैं, जिनसे श्रद्धालुओं को बैठने की पर्याप्त सुविधा और आवागमन में सुगमता मिलेगी।
भाषा दिमो राजकुमार
राजकुमार

Facebook


