छात्र आंदोलन : मप्र कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने चीन की मिसाल देकर भाजपा को घेरा

Ads

छात्र आंदोलन : मप्र कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने चीन की मिसाल देकर भाजपा को घेरा

  •  
  • Publish Date - July 23, 2026 / 01:04 AM IST,
    Updated On - July 23, 2026 / 01:04 AM IST

इंदौर, 22 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बुधवार को कहा कि भारत शिक्षा क्षेत्र की जिन चुनौतियों से इन दिनों जूझ रहा है, उनसे चीन करीब दो दशक पहले गुजर चुका है और पड़ोसी देश ने समय रहते अपनी शिक्षा व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए थे।

पटवारी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरते हुए ऐसे वक्त यह बात कही, जब शिक्षा क्षेत्र की कथित गड़बड़ियों को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शन जारी हैं।

कांग्रेस नेता ने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कहा,‘‘आज भारत जिस दौर से गुजर रहा है, उससे चीन लगभग दो दशक पहले गुजर चुका है। चीन ने अपनी शिक्षा व्यवस्था में समय रहते व्यापक बदलाव किए जिसका परिणाम आज पूरी दुनिया के सामने है।’’

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा,‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि भारत में शिक्षा और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय समाज में कट्टरता और विभाजन की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है।’’

पटवारी ने दावा किया कि मध्यप्रदेश में लगभग 1.90 करोड़ युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार के पास इसका कोई ठोस समाधान नहीं है।

बाद में पटवारी नीट-यूजी परीक्षा की कथित गड़बड़ियों को लेकर शहर के भंवरकुआं चौराहे पर विद्यार्थियों के धरना-प्रदर्शन में भी शामिल हुए। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे।

सिंह ने आरोप लगाया कि देश की शिक्षा व्यवस्था में हर स्तर पर भ्रष्टाचार व्याप्त है और ‘‘प्रश्नपत्र लीक किया जाना एक व्यवसाय बन चुका है।’’

उन्होंने इसके लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

सिंह ने कहा,‘‘यदि शिक्षा मंत्री से पहले ही इस्तीफा ले लिया जाता, तो छात्र आंदोलन इतनी तेजी से आगे नहीं बढ़ता।’’

उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील भी की और कहा कि देश को उनकी आवश्यकता है।

भाषा हर्ष रंजन

रंजन