बैतूल, तीन मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से टकरा गई जिससे तीन युवकों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण देहरिया ने बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात करीब ढाई बजे से तीन बजे के बीच इटारसी रोड पर उस समय हुआ, जब कार में सवार लोग एक ढाबे पर भोजन करने के बाद लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कार के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ने पड़े।
देहरिया ने बताया कि घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बैतूल के निवासी ऋतिक सोलंकी (30) तथा उसके मित्र वरुण प्रजापति (21) और अभय ठाकुर (22) के रूप में हुई है। सोलंकी वाहन चला रहा था।
उन्होंने बताया कि हादसे में देवा पांडे (32) और आकाश पाल (30) घायल हुए हैं। इनमें से एक को बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि कार तेज गति से चलाई जा रही थी। मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
भाषा सं दिमो खारी
खारी