जबलपुर में फ्लाईओवर से गिरा ट्रक; दो की मौत, चार घायल

जबलपुर में फ्लाईओवर से गिरा ट्रक; दो की मौत, चार घायल

जबलपुर में फ्लाईओवर से गिरा ट्रक; दो की मौत, चार घायल
Modified Date: February 3, 2026 / 08:11 pm IST
Published Date: February 3, 2026 8:11 pm IST

जबलपुर (मध्यप्रदेश), तीन फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर में मंगलवार दोपहर एक ट्रक के फ्लाईओवर से एक कार और एक मोटरसाइकिल के ऊपर गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर शाहपुरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 45 पर दोपहर करीब तीन बजे हुई।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) लोकेश डावर ने बताया कि ट्रक अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से नीचे सर्विस रोड पर चल रही एक कार और मोटरसाइकिल पर गिर गया।

उन्होंने बताया कि ट्रक चालक और मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार अन्य घायल हो गए।

डावर ने बताया कि मोटर साइकिल सवार मृतक की पहचान नटवारा निवासी बलराम यादव (35) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि चालक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कार के अंदर फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है।

पाटन थाने के अधिकारी प्रवीण धुर्वे ने कहा कि पीड़ितों में भोपाल का एक परिवार भी शामिल है जो रीवा जा रहा था।

भाषा सं ब्रजेन्द्र नोमान

नोमान


लेखक के बारे में