मप्र में मोटर चोरी के शक में दो युवकों को बांधकर पीटा फिर करंट लगाया, दो आरोपी गिरफ्तार
मप्र में मोटर चोरी के शक में दो युवकों को बांधकर पीटा फिर करंट लगाया, दो आरोपी गिरफ्तार
रायसेन (मध्यप्रदेश), 13 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के एक गांव में सिंचाई के लिए इस्तेमाल होने वाले मोटर पंप की कथित चोरी के आरोप में दो युवकों को खंभे से बांधकर पीटने और फिर करंट लगाए जाने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना जिला मुख्यालय से छह किलोमीटर दूर करमोदिया गांव में चार जुलाई को हुई, जिसका एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर आया है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने इस वीडियो को ‘एक्स’ पर साझा करते हुए रायसेन पुलिस से उचित कार्रवाई करने को कहा जबकि विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में कानून नहीं बल्कि ‘तालिबानी शासन’ चल रहा है।
कानूनगो ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘चोरी के आरोप में युवकों को करंट लगाने की तालिबानी सज़ा देने का यह वीडियो असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के नेता मुबिन ख़ान ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।’
उन्होंने कहा, ‘यह भारत है। यहां शरिया का या तालिबान का क़ानून नहीं चलेगा और इनको यह सबक सीखना पड़ेगा।’
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि चार जुलाई को खेतों पर से मोटर चोरी के आरोप में धनराज एवं हेमराज नामक युवकों को किसानों द्वारा रंगेहाथों पकड़ा गया था।
उन्होंने बताया कि इसके बाद किसानों ने दोनों चोरों को एक खंभे से बांधकर उनकी पिटाई की और उन्हें करंट भी लगाया।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद किसी युवक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
शुक्ला ने बताया पुलिस ने शनिवार की शाम को आरोपी भंवर सिंह एवं जितेन्द्र सिंह ठाकुर को हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सिंघार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि रायसेन में चोरी के शक में दो युवकों को खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटा जाता है और उन्हें करंट लगाया जाता है जबकि कुछ दिन पहले ही एक किसान को गोली मारी गई थी।
उन्होंने कहा, ‘दोनों घटनाएं बताती हैं कि प्रदेश में अपराधियों के साथ-साथ अब भीड़ के मन से भी कानून का डर खत्म हो चुका है। मध्यप्रदेश में कानून नहीं, तालिबानी शासन चल रहा है।’
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल हो जाती है, तब अपराधी बेखौफ घूमते हैं और लोग न्याय अपने हाथ में लेने लगते हैं। उन्होंने कहा कि यह किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है।
सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से सवाल किया कि उनके राज में जनता कब सुरक्षित महसूस होगी। उन्होंने कहा, ‘प्रदेश को कानून का राज चाहिए, न कि अपराधियों और अराजकता का जंगलराज। जनता जवाब मांग रही है।’
भाषा सं ब्रजेन्द्र मनीषा
मनीषा

Facebook


