अमरावती में विधायक के भाई की हत्या की साजिश के आरोप में पूर्व मंत्री बच्चू कडू पर मामला दर्ज

Ads

अमरावती में विधायक के भाई की हत्या की साजिश के आरोप में पूर्व मंत्री बच्चू कडू पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 3, 2026 / 04:35 PM IST,
    Updated On - April 3, 2026 / 04:35 PM IST

अमरावती, तीन अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के अमरावती जिले में राज्य के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश उर्फ बच्चू कडू के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक के भाई की हत्या की साजिश रचने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अचलपुर क्षेत्र से विधायक रह चुके कडू के खिलाफ यह मामला चांदुर बाजार थाने में दर्ज किया गया है। वर्तमान में भाजपा के प्रवीण तायडे इस क्षेत्र के विधायक हैं।

कडू 2019 से 2022 तक उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार में राज्य मंत्री थे।

विधायक तायडे के भाई अभिजीत (40) द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, पूर्व मंत्री बच्चू कडू और शुभम उर्फ गोलू महुरे ने सड़क दुर्घटना के माध्यम से उनकी हत्या करने की साजिश रची थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया, “शिकायतकर्ता ने एक ‘पेन ड्राइव’ सौंपी है जिसमें कथित साजिश से जुड़ी ‘ऑडियो रिकॉर्डिंग’ होने का दावा किया गया है। इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।”

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कडू समेत दो लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

अधिकारी ने बताया कि ‘रिकॉर्डिंग’ की प्रामाणिकता की पुष्टि की जा रही है और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं। इस स्तर पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं है।

बच्चू कडू प्रहार जनशक्ति पार्टी के प्रमुख हैं।

भाषा प्रचेता अविनाश

अविनाश