अमरावती, पांच मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को कहा कि रेल मंत्रालय द्वारा विशाखापत्तनम को मुख्यालय बनाकर एससीआर की स्थापना के लिए एक राजपत्र अधिसूचना जारी किए जाने से राज्य की जनता का लंबे समय से संजोया हुआ सपना साकार हो गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नया रेलवे जोन एक जून से परिचालन शुरू करने के लिए तैयार है।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘यह बेहद खुशी की बात है कि रेल मंत्रालय ने विशाखापत्तनम को मुख्यालय बनाकर दक्षिण तटीय रेलवे जोन की स्थापना के लिए राजपत्र अधिसूचना जारी कर दी है। आंध्र प्रदेश के लोगों का लंबे समय से संजोया सपना साकार हो गया है।’
मुख्यमंत्री ने कहा कि वॉल्टेयर डिवीजन के पुनर्गठन के हिस्से के रूप में, पलासा-इच्छापुरम जैसे प्रमुख खंडों का विशाखापट्टनम डिवीजन में विलय उत्तर आंध्र के परिवहन परिदृश्य को बदल देगा।
नायडू ने कहा कि नवगठित विशाखापत्तनम डिवीजन और रायगड़ा डिवीजन के बीच समन्वय से रेलवे प्रणाली और मजबूत होगी।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इससे राज्य के विकास (विशेष रूप से उत्तरी आंध्र के औद्योगिक विकास) में मदद मिलेगी।
नायडू ने कहा, ‘मैं आंध्र प्रदेश के अनुरोध को स्वीकार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और इस ऐतिहासिक राजपत्र अधिसूचना को जारी करने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद देता हूं।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश