लातूर में एक अध्यापक ने मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाने के शक में 32 छात्रों की पिटायी की

Ads

लातूर में एक अध्यापक ने मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाने के शक में 32 छात्रों की पिटायी की

  •  
  • Publish Date - February 24, 2026 / 08:58 AM IST,
    Updated On - February 24, 2026 / 08:58 AM IST

लातूर (महाराष्ट्र), 24 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में पुलिस ने एक विद्यालय के अध्यापक को 32 छात्रों की पिटाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अध्यापक को शक था कि इन छात्रों ने उसकी मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाया है।

अधिकारियों ने बताया कि 21 फरवरी की रात को अहमदपुर के पास पांचवीं से लेकर 10वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए बने निजी विद्यालय के छात्रावास में हुई इस घटना में कुछ छात्रों को चोटें आयी हैं।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपी उज्ज्वल प्रकाश सोनी को शक था कि छात्रों ने उसकी मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाया है। आरोप है कि इस बात को लेकर उसने आपा खो दिया और कई नाबालिग छात्रों की लाठी से पिटायी शुरू कर दी।

पुलिस ने बताया कि उसने कथित तौर पर छात्रों को धमकी भी दी थी कि वह जल्द ही विद्यालय का प्रधानाचार्य बन जाएगा और फिर उनसे निपटेगा।

‘क्राइस्ट इंटरनेशनल स्कूल’ की प्रधानाचार्या जेबा नादर ने बाद में अहमदपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय (देखभाल एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एक आधिकारिक बयान में नादर ने कहा, ‘‘यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। विद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।’’

भाषा गोला खारी

खारी