मुंबई हवाई अड्डे पर एआईएएसएल कर्मियों के प्रदर्शन के कारण एअर इंडिया की उड़ानों में देरी

Ads

मुंबई हवाई अड्डे पर एआईएएसएल कर्मियों के प्रदर्शन के कारण एअर इंडिया की उड़ानों में देरी

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 03:56 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 03:56 PM IST

मुंबई, 18 मई (भाषा) सोमवार को एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की कई उड़ानों में देरी हुई, क्योंकि सरकारी ‘ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी’ एआईएएसएल के कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने और अन्य मांगों को लेकर मुंबई हवाई अड्डे पर प्रदर्शन किया।

एआईएएसएल मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और देश के दूसरे विमान पत्तनों पर एअर इंडिया समूह (एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस) के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए विमानतल पर सेवाएं प्रदान करती है।

एअर इंडिया ने एक बयान में कहा कि मुंबई हवाई अड्डे पर एक ‘थर्ड-पार्टी’ एजेंसी के कर्मचारियों की एक औद्योगिक गतिविधि की वजह से परिचालन पर असर पड़ रहा है।

एयरलाइन ने कहा, ‘‘विमान पत्तन पर हमारे दल यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करने और जल्द से जल्द सामान्य परिचालन शुरू करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’’

हालांकि, एअर इंडिया ने यह नहीं बताया कि एआईएएसएल कर्मचारियों के प्रदर्शन की वजह से कितनी उड़ानों पर असर पड़ा।

एआईएएसएल ने कहा कि कर्मचारियों ने प्रबंधन से यह भरोसा मिलने के बाद फिर से काम शुरू कर दिया कि उनकी मांगों पर ध्यान दिया जाएगा। एजेंसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रामबाबू ने कहा, ‘‘कर्मचारियों के एक वर्ग विशेष ने शांतिपूर्वक मोर्चा निकाला था और हमने उनसे बातचीत के लिए लिखकर (अपनी मांगें) देने का अनुरोध किया। उन्होंने अच्छाई दिखाई और वापस जाकर काम पर लौटे।’’

रामबाबू ने कहा, ‘‘उन्होंने हमें एक पत्र दिया है। हमने उनसे कहा है कि हम नीति के हिसाब से उस पर गौर करेंगे।’’

एआईएएसएल देश के 84 हवाई अड्डों पर घरेलू विमानन कंपनियों के अलावा फ्लाईदुबई, सउदिया, ओमान एयर और सलाम एयर जैसी विदेशी एयरलाइन समेत 80 एयरलाइन को सेवाएं प्रदान करती है। उसके 20,000 कर्मचारी हैं।

कंपनी इन 84 हवाई अड्डों पर हर दिन 650 उड़ानों का परिचालन संभालती है जिनमें 35 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय उड़ान और 65 घरेलू उड़ान हैं।

भाषा वैभव सुरभि

सुरभि