मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के इस बार महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव लड़ने को लेकर बनी अनिश्चितता को दूर करते हुए बुधवार को कहा कि पूर्व नेता प्रतिपक्ष अंबादास दानवे इसके उम्मीदवार होंगे।
विपक्ष की महा विकास आघाडी (एमवीए) संख्या बल के हिसाब से नौ में से केवल एक ही सीट जीत सकती है। पार्टी विधायक आदित्य ठाकरे द्वारा दानवे के नाम की घोषणा किए जाने से उद्धव ठाकरे के विपक्ष के उम्मीदवार होने की संभावना समाप्त हो गई।
एमवीए गठबंधन में शिवसेना (उबाठा) भी शामिल है।
आदित्य ठाकरे ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘उद्धव साहब ने फैसला किया है कि अंबादास दानवे पार्टी के उम्मीदवार होंगे।’’
छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले दानवे 2022 से 2025 तक परिषद में विपक्ष के नेता रह चुके हैं।
उद्धव ठाकरे का विधान परिषद सदस्य के रूप में कार्यकाल 12 मई को समाप्त हो जाएगा।
भाषा
यासिर नरेश
नरेश