पुणे, छह अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में ‘पुल-अप’ (एक प्रकार का व्यायाम) की कोशिश करते समय बास्केटबॉल फ्रेम का ढांचा गिरने से मरीन इंजीनियरिंग के 20 वर्षीय एक विद्यार्थी की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि यह घटना रविवार को तलेगांव क्षेत्र में इंदुरी गांव के पास ‘तोलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट’ में घटी।
पुलिस ने छात्र की पहचान विशाल वर्मा के रूप में की है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशाल सुबह की दिनचर्या पूरी करने के बाद छात्रावास लौट रहा था।
वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “लौटते समय, उसने खाली बास्केटबॉल कोर्ट में पुल-अप की कोशिश में छलांग लगाई। इसी दौरान, वह ढांचा उस पर गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट आई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।”
उन्होंने बताया कि विशाल मरीन इंजीनियरिंग में द्वितीय वर्ष का छात्र था।
वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हमने दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट (एडीआर) दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।”
संस्थान के प्रचार्य संजीत कानूनगो ने पत्रकारों को बताया कि घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
हालांकि, विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि विशाल को अस्पताल ले जाने में देरी हुई।
कानूनगो ने दावा किया कि यह घटना सुबह सात बजकर 40 मिनट पर हुई तथा वर्मा को आठ बजकर 10 मिनट पर अस्पताल पहुंचा दिया गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘हम भी घटना की जांच कर रहे हैं यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि ऐसा हादसा फिर न हो।’’
भाषा
राजकुमार प्रशांत
प्रशांत