आशा भोसले ने सर्जरी के बाद मुझे साड़ी देने की पेशकश की थी: नेत्र चिकित्सक

Ads

आशा भोसले ने सर्जरी के बाद मुझे साड़ी देने की पेशकश की थी: नेत्र चिकित्सक

  •  
  • Publish Date - April 12, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - April 12, 2026 / 07:25 PM IST

मुंबई, 12 अप्रैल (भाषा) प्रसिद्ध नेत्र चिकित्सक डॉ. तात्याराव लहाने ने 2019 में जब आशा भोसले की आंखों की सर्जरी की थी, तब उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि वह उन्हें उपहार में कुछ देने वाली हैं।

पद्मश्री से सम्मानित और मुंबई के जेजे अस्पताल के पूर्व डीन लहाने ने बताया कि सर्जरी के बाद वह उनके घर गए थे।

लहाने ने कहा, “उन्होंने मेरी सहयोगी डॉ. रागिनी को एक सुंदर साड़ी उपहार में दी। जब मैंने कहा कि सर्जरी तो मैंने की थी, तो उन्होंने मुझे भी साड़ी देने की पेशकश की।”

लहाने ने कहा कि रविवार को मुंबई में अंतिम सांस लेने वालीं महान गायिका के साथ उनका बहुत ही करीबी और स्नेहपूर्ण रिश्ता था।

लहाने ने कहा, “वह मुझे प्यार से ‘तात्या’ कहकर बुलाती थीं। जब भी उन्हें किसी चीज की जरूरत होती, वह खुद मुझे फोन करती थीं। जब भी वह अस्पताल आती थीं, तो हमारे साथ खुलकर बातचीत करती थीं, हंसी-मजाक करती थीं और कभी-कभी एक सुंदर गीत भी गाती थीं, जिससे वे पल सच में सुनहरे बन जाते थे।”

लहाने ने यह भी बताया, “जब भी मैं उनके घर जाता था, वह मुझे ‘पोहा’ खिलाती थीं।”

भाषा जोहेब दिलीप

दिलीप