किराये को लेकर हुए विवाद में ऑटो रिक्शा चालक ने बुजुर्ग महिला को धक्का दिया, हाथ की हड्डी टूटी
किराये को लेकर हुए विवाद में ऑटो रिक्शा चालक ने बुजुर्ग महिला को धक्का दिया, हाथ की हड्डी टूटी
ठाणे, 12 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में किराये को लेकर हुए विवाद के दौरान एक ऑटो रिक्शा चालक ने 62 वर्षीय एक महिला को कथित तौर पर सड़क पर धक्का दे दिया, जिससे महिला के हाथ की हड्डी टूट गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार को उस समय हुई जब पीड़िता रिजा जोसेफ और उसके रिश्तेदार डोम्बिवली क्षेत्र के कस्तूरी प्लाजा से दावड़ी स्थित अपने घर लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि ऑटो चालक ने शुरू में 120 रुपये किराया बताया था, लेकिन गंतव्य पर पहुंचने पर उसने 160 रुपये की मांग की। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा अधिक राशि का भुगतान करने के बावजूद चालक ने कथित तौर पर दावा किया कि महिला यात्री ने दूरी के बारे में गलत जानकारी दी थी और उसे अपशब्द कहना शुरू कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि जोसेफ के किरायेदार के बेटे ने ऑटो चालक को शांत करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उसे पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि जब जोसेफ ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो ऑटो चालक ने बुजुर्ग महिला को कथित तौर पर इतनी जोर से धक्का दिया कि वह फुटपाथ पर गिर गई, जिससे उसके बाएं हाथ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित महिला द्वारा दिए गए बयान के बाद मनपाड़ा पुलिस ने ऑटो रिक्शा चालक के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाषा
शुभम अमित
अमित

Facebook


