मुंबई, एक जुलाई (भाषा) उपनगरीय चेंबूर में बारिश के दौरान स्कूल बस पर पीपल का पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत और चार अन्य के घायल होने के एक दिन बाद बुधवार को बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने एक सहायक उद्यान अधीक्षक को लापरवाही के आरोप में विभागीय जांच पूरी होने तक निलंबित कर दिया।
निगम उपायुक्त (उद्यान) के कार्यालय से जारी एक आदेश में नगर निकाय ने कहा कि सहायक उद्यान अधीक्षक जगदीश भोइर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
बीएमसी ने उस घटना की गहन जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया, जिसमें मंगलवार दोपहर को मुंबई के चेंबूर इलाके में एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई थी और चार अन्य घायल हो गए थे।
बीएमसी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि भोइर ने इस घटना के संबंध में लापरवाही बरती थी, इसलिए शुरुआती विभागीय जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित किया जा रहा है।
नगर निकाय के आदेश में कहा गया है कि डायमंड गार्डन के पास रोड संख्या-11 पर लगा पीपल का पेड़ उखड़कर उस निजी बस पर गिर गया, जो यूनिवर्सल स्कूल के छात्रों को घर ले जा रही थी। यह घटना अपराह्न करीब तीन बजे हुई।
बीएमसी के अनुसार, उखड़े हुए पेड़ की उम्र 60 से 70 साल के बीच आंकी गई थी और पहले इसकी हालत को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली थी। इस साल 12 मई को पेड़ का सर्वेक्षण किया गया था और बाहरी जांच में यह स्वस्थ और मजबूत पाया गया था। मानसून से पहले पेड़ों के सालाना रखरखाव के तहत 29 मई को इसकी छंटाई भी की गई थी, तब भी इसे सुरक्षित पाया गया था।
भाषा शफीक प्रशांत
प्रशांत