गर्भपात की गोली के किट के बदले महिला से रिश्वत लेने के आरोप में चिकित्सक गिरफ्तार
गर्भपात की गोली के किट के बदले महिला से रिश्वत लेने के आरोप में चिकित्सक गिरफ्तार
ठाणे, चार जून (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में कार्यरत एक सरकारी चिकित्सा अधिकारी को एक गर्भवती महिला से गर्भपात की गोली का किट उपलब्ध कराने के बदले में 4,500 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
आरोपी की पहचान 48 वर्षीय डॉ. कंचन शिरीष मदार के रूप में हुई है। वह रत्नागिरी के चिपलुन तालुका के कामाठे स्थित उप-जिला अस्पताल में कार्यरत एक चिकित्सा अधिकारी ( प्रथम श्रेणी) हैं।
एसीबी (रत्नागिरी इकाई) के उप पुलिस अधीक्षक अविनाश पाटिल ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला गर्भपात करवाना चाहती थी। उन्होंने बताया कि जब वह तीन जून को सरकारी अस्पताल में डॉ. मदार के पास पहुंची तो उन्होंने गर्भपात की आवश्यक गोलियों वाली सरकारी किट देने के बदले में 4,000 से 5,000 रुपये की रिश्वत की मांग की।
रिश्वत देने से इनकार करते हुए महिला ने एसीबी से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया कि भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी ने पहले शिकायत की पुष्टि करने के बाद जाल बिछाया। उन्होंने बताया कि चिकित्सक को शिकायतकर्ता की निजी चार पहिया वाहन के अंदर उससे 4,500 रुपये के नोट लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
एसीबी के अधिकारियों ने चिकित्सक को हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया। चिपलून थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन

Facebook


