गुरुग्राम स्टैंड-अप शो विवाद : हास्य कलाकार प्रणित मोरे और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

गुरुग्राम स्टैंड-अप शो विवाद : हास्य कलाकार प्रणित मोरे और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

गुरुग्राम स्टैंड-अप शो विवाद : हास्य कलाकार प्रणित मोरे और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: June 11, 2026 / 09:44 pm IST
Published Date: June 11, 2026 9:44 pm IST

मुंबई, 11 जून (भाषा) महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर ‘अश्लील और आपत्तिजनक’ सामग्री प्रसारित करने के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन (हास्य कलाकार)प्रणीत मोरे, वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

गुरुग्राम में एक कॉमेडी शो के दौरान की गई टिप्पणियों को लेकर मोरे और जांगड़ा विवादों में घिर गए हैं। इन टिप्पणियों में कथित तौर पर एक महिला के साथ जबरदस्ती और बिना उसकी मर्जी के किए गए व्यवहार को सही ठहराया गया था।

साइबर अपराध पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मोरे के शो के वायरल वीडियो क्लिप की शुरुआती जांच के बाद यहां नोडल साइबर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि वीडियो में महिलाओं, सहमति और मृत व्यक्तियों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां थीं, जो सार्वजनिक शालीनता का उल्लंघन करती हैं।

अधिकारी ने बताया, ‘‘एक वायरल क्लिप में हिमांशु जांगड़ा की बातें थीं, जिनमें डेट के दौरान खर्च किए गए पैसे के बदले शारीरिक संबंध बनाने के हक का जिक्र था, जो महिलाओं को अपमानजनक ढंग से दिखाता है और सहमति को कमतर आंका गया है।’’

उन्होंने बताया कि उसी शो के एक अन्य क्लिप में डॉ. सेजल पवार चिकित्सा द्वारा पढ़ाई के लिए इस्तेमाल होने वाली डेड बॉडीज़ (कैडेवर) और पुरुषों के शवों के बारे में ‘अपमानजनक टिप्पणी’ करते देखा जा सकता है जो मृत व्यक्तिों की गरिमा के प्रति बेहद अपमानजनक था।

अधिकारी ने बताया कि विवादित वीडियो क्लिप अधिक दर्शकों तक पहुंचाने के इरादे से यूट्यूब और इंस्टाग्राम जैसे मंचों पर प्रसारित किये गये।

उन्होंने बताया कि मोरे, जांगड़ा, पवार और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया कि प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार को समन जारी किए गए हैं। तीनों को पूछताछ और अपने औपचारिक बयान दर्ज कराने के लिए महाराष्ट्र साइबर के सामने पेश होने का निर्देश दिया गया है।

यह विवाद तब शुरू हुआ जब जांगड़ा ने शो के दौरान एक डेट का ज़िक्र किया और बताया कि उन्होंने चिकन बिरयानी की एक प्लेट पर 370 रुपये खर्च किए थे।

जांगड़ा ने कथित तौर पर कहा, ‘‘ जब महिला ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा, तो उन्होंने बिरयानी पर खर्च किए गए पैसों के बदले यौन संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा। ’’ वीडियों में जांगड़ा की इस बात पर मोर को हंसते हुए देखा गया।

सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करने के बाद मोरे और जांगड़ा, दोनों ने माफ़ी मांगी और जांगड़ा ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी निष्क्रिय कर दिया।

भाषा धीरज रंजन

रंजन


लेखक के बारे में