महाराष्ट्र में बारिश का कहरः 24 घंटों में तीन लोगों की मौत, 120 से अधिक व्यक्तियों को निकाला गया

महाराष्ट्र में बारिश का कहरः 24 घंटों में तीन लोगों की मौत, 120 से अधिक व्यक्तियों को निकाला गया

महाराष्ट्र में बारिश का कहरः 24 घंटों में तीन लोगों की मौत, 120 से अधिक व्यक्तियों को निकाला गया
Modified Date: September 16, 2025 / 03:38 pm IST
Published Date: September 16, 2025 3:38 pm IST

मुंबई, 16 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में भारी बारिश के कारण तीन लोगों की मौत हो गई और 120 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

विभाग ने एक विज्ञप्ति में बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और अन्य बचाव दल प्रभावित जिलों में लोगों को निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगे हुए हैं।

मराठवाड़ा के आठ में से पांच जिलों में सोमवार को भारी बारिश हुई, जिसमें बीड में सबसे अधिक 143.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद नांदेड़ में 131.6 मिमी और जालना में 121.4 मिमी बारिश हुई। यह आंकड़े मंगलवार सुबह समाप्त हुए 24 घंटे की अवधि के हैं।

नदियां उफान पर हैं और निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है, जिससे सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इससे बीड और अहिल्यानगर सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इन क्षेत्रों में बचाव एवं राहत अभियान चलाया गया और 120 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

एनडीआरएफ ने स्थानीय प्रशासन को लोगों को निकालने और आपातकालीन राहत कार्यों में सहायता के लिए राज्य भर में 12 टीम तैनात की हैं। राज्य एजेंसियों और जिला प्रशासनों ने भी दमकल, पुलिस इकाइयों और स्थानीय स्वयंसेवकों को तैनात किया है।

विज्ञप्ति के अनुसार, बीड जिले में वर्षा से संबंधित घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई तथा नागपुर में एक व्यक्ति की मौत होने की सूचना है।

अधिकारी बांधों, नदियों और संवेदनशील गांवों की निगरानी कर रहे हैं जबकि मराठवाड़ा और विदर्भ के कुछ हिस्सों में चेतावनी जारी की गई है क्योंकि अभी भी मानसून सक्रिय है।

भाषा प्रीति पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में