भारत का समय आ गया है, लेकिन तैयारियों की कमी इसे विश्वगुरु बनने से रोक रही: भागवत
भारत का समय आ गया है, लेकिन तैयारियों की कमी इसे विश्वगुरु बनने से रोक रही: भागवत
नागपुर, चार जून (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत संघर्षों और संकट से जूझ रही दुनिया को समग्र समाधान प्रदान कर सकता है, लेकिन ‘विश्वगुरु’ बनने में जो चीज हमें ‘पीछे खींच रही है,’ वह तैयारी की कमी है।
नागपुर में आरएसएस स्वयंसेवक प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में उन्होंने कहा, ‘भारत का समय आ गया है।’
इस कार्यक्रम में प्रमुख उद्योगपति कुमार मंगलम बिरला भी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
भागवत ने कहा, ‘हम लंबे समय से कहते आ रहे हैं कि भारत ‘विश्वगुरु’ है या होना चाहिए।’
उन्होंने कहा, ‘भारत ‘विश्वगुरु’ बनेगा, हमें भारत को ‘विश्वगुरु’ बनाना होगा। हम यह बात लंबे समय से कहते आ रहे हैं। तो फिर हमें क्या रोक रहा है? हमें जो रोक रहा है वह है हमारी तैयारियों की कमी।’
भागवत ने कहा कि दुनिया ताकतवर की बात सुनती है, और हमें अपने देश को ‘‘अत्यंत समृद्ध’’ बनाने की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमें अपने देश को अत्यंत समृद्ध बनाना होगा… दुनिया ताकतवर की बात सुनती है।’’
उन्होंने कहा कि दुनिया जानती है कि भारत सच बोलता है, लेकिन सिर्फ सच होने के कारण इसे स्वीकार नहीं किया जाता। उन्होंने कहा, ‘‘हम देखते हैं कि शक्तिशाली लोग मनमानी करते हैं और जिनके पास शक्ति नहीं होती, वे सिर झुकाकर उनकी आज्ञा का पालन करते हैं। चाहे आप किसी दूसरे देश पर कब्जा करें, किसी पर बम गिराएं या दुनिया की तेल आपूर्ति काट दें, यह सब शक्ति के कारण ही होता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया कहती है कि उसे एक नये रास्ते की जरूरत है, और वह रास्ता भारत ही दिखाएगा। इसलिए भारत का समय आ गया है। लेकिन समय ही सब कुछ नहीं कर देता। उस समय के लिए तैयारी करनी पड़ती है।’’
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष

Facebook


