उच्च न्यायालय से राहत मिलने के बीच कोकाटे की मुंबई के एक अस्पताल में की गयी ‘एंजियोग्राफी’

Ads

उच्च न्यायालय से राहत मिलने के बीच कोकाटे की मुंबई के एक अस्पताल में की गयी ‘एंजियोग्राफी’

  •  
  • Publish Date - December 19, 2025 / 08:33 PM IST,
    Updated On - December 19, 2025 / 08:33 PM IST

मुंबई, 19 दिसंबर (भाषा) महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता माणिकराव कोकाटे की शुक्रवार को मुंबई के लीलावती अस्पताल में ‘कोरोनरी एंजियोग्राफी’ की गयी। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने यह जानकारी दी।

कोकाटे ने बृहस्पतिवार को देवेंद्र फडणवीस सरकार से इस्तीफा दे दिया।

बंबई उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को माणिकराव कोकाटे को सरकारी आवास योजना से जुड़े धोखाधड़ी एवं जालसाजी मामले में जमानत दे दी और उनकी दो साल जेल की सजा निलंबित कर दी।

उच्च न्यायालय ने हालांकि कोकाटे की संलिप्तता के प्रथम दृष्टया साक्ष्यों को देखते हुए दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया।

डॉ. जलील पारकर और डॉ. सुरेश विजान ने बताया, ‘‘उनकी (कोकाटे की) धमनियों में चार गंभीर अवरोध हैं और हमने उन्हें बाईपास सर्जरी (अवरुद्ध धमनियों के आसपास रक्त प्रवाह को पुनर्निर्देशित करने की प्रक्रिया) कराने की सलाह दी है। आज उनकी कोरोनरी एंजियोग्राफी (हृदय की धमनियों में अवरोध या संकुचन देखने के लिए एक्स-रे परीक्षण) की गयी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर कोकाटे बाईपास सर्जरी नहीं करवाना चाहते हैं, तो एंजियोप्लास्टी (संकुचित या अवरुद्ध रक्त वाहिकाओं को चौड़ा करने की प्रक्रिया) की जा सकती है और इलाज जारी रहेगा। कोकाटे को 15 साल पहले दो स्टेंट लगाए गए थे और वे अच्छी स्थिति में हैं।’’

इस बीच, प्रदेश राकांपा अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कोकाटे मामले में उच्च न्यायालय के आदेश का स्वागत किया।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन