मुंबई के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई

Ads

मुंबई के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 12:05 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 12:05 PM IST

मुंबई, 21 जून (भाषा) दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन में असामान्य देरी के बीच मुंबई के कुछ हिस्सों में रविवार सुबह हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

मानसून इस महीने की शुरुआत में दक्षिण कोंकण पहुंच गया था, लेकिन प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के कारण यह आगे नहीं बढ़ रही थी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अनुसार, सुबह छह बजे से सात बजे के बीच घाटकोपर स्थित महानगरपालिका द्वारा संचालित रामाबाई विद्यालय में सबसे अधिक 24 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। इसके बाद चेंबूर अग्निशमन केंद्र में 20 मिलीमीटर और मानखुर्द अग्निशमन केंद्र में 16 मिलीमीटर बारिश हुई।

इसके बाद सुबह सात बजे से आठ बजे के बीच महानगरपालिका द्वारा संचालित वर्ली सी-फेस विद्यालय और सावित्रीबाई फुले विद्यालय में 25-25 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो शहर में सर्वाधिक रही।

इसके अलावा, लोअर परेल स्थित जी-दक्षिण वार्ड कार्यालय में 21 मिलीमीटर और वर्ली अग्निशमन केंद्र में 17 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान जलभराव या बारिश से संबंधित किसी बड़ी घटना की सूचना नहीं मिली।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन