महाराष्ट्र : होम्योपैथ के पंजीकरण को मंजूरी देने के खिलाफ हड़ताल पर गए चिकित्सक
महाराष्ट्र : होम्योपैथ के पंजीकरण को मंजूरी देने के खिलाफ हड़ताल पर गए चिकित्सक
मुंबई, 18 सितंबर (भाषा) आधुनिक औषध विज्ञान में सर्टिफिकेट कोर्स पूरा करने वाले होम्योपैथिक चिकित्सकों को राज्य चिकित्सा परिषद में पंजीकरण की अनुमति देने के सरकार के फैसले के विरोध में पूरे महाराष्ट्र के चिकित्सक बृहस्पतिवार को 24 घंटे की हड़ताल पर चले गए।
भारतीय चिकित्सा संघ (आईएमए) महाराष्ट्र के अध्यक्ष डॉ. संतोष कदम ने दावा किया कि राज्य भर के लगभग 1.8 लाख एलोपैथिक चिकित्सक हड़ताल में भाग ले रहे हैं, जिनमें निजी अस्पताल के चिकित्सक भी शामिल हैं।
हालांकि, सभी आपातकालीन और गंभीर रोगों से जुड़ी सेवाएं जारी रहीं।
चिकित्सकों के संगठन ने दावा किया है कि यह निर्णय (प्रमाणित होम्योपैथ का पंजीकरण) मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के लिए गंभीर खतरा है।
इस वर्ष की शुरुआत में राज्य सरकार ने महाराष्ट्र चिकित्सा परिषद (एमएमसी) को निर्देश दिया था कि वे आधुनिक फार्माकोलॉजी (सीसीएमपी) में एक वर्षीय सर्टिफिकेट कोर्स पूरा करने वाले होम्योपैथों को पंजीकृत करें, ताकि उन्हें चुनिंदा मामलों में मरीजों को एलोपैथिक दवाएं लिखने की अनुमति मिल सके।
हालांकि, आईएमए महाराष्ट्र के सदस्यों द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात करने और मरीजों के बीच भ्रम की स्थिति के बारे में बताने के बाद अधिसूचना वापस ले ली गई थी।
सरकार ने पांच सितंबर को एक नया परिपत्र जारी कर पंजीकरण प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी।
इस संबंध में पांच सितंबर को एक नया सरकारी आदेश (जीआर) जारी किया गया, जिससे एलोपैथिक चिकित्सक नाराज हो गए और उन्होंने 24 घंटे की हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया।
सरकारी और बृहन्मुंबई महानगरपालिका मेडिकल कॉलेजों के सभी रेजिडेंट चिकित्सक संगठन, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन, एसोसिएशन ऑफ स्टेट मेडिकल इंटर्न्स और गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एसोसिएशन इस कदम का विरोध कर रहे हैं और हड़ताल में भाग ले रहे हैं।
भाषा गोला वैभव
वैभव

Facebook


