महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव : दानवे होंगे शिवसेना(उबाठा) उम्मीदवार, कांग्रेस भी मैदान में उतरेगी

Ads

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव : दानवे होंगे शिवसेना(उबाठा) उम्मीदवार, कांग्रेस भी मैदान में उतरेगी

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 05:59 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 05:59 PM IST

मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) के घटकों के बीच खींचतान बुधवार को उस समय सामने आ गई, जब शिवसेना (उबाठा)और कांग्रेस दोनों ने घोषणा की कि वे अगले महीने होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में विपक्ष द्वारा जीती जा सकने वाली एकमात्र सीट पर उम्मीदवार उतारेंगे।

शिवसेना (उबाठा) के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि अंबदास दानवे पार्टी के पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

राज्य विधान परिषद के नौ सदस्यों का कार्यकाल 13 मई को पूरा हो रहा है, जिनमें शिवसेना (उबाठा)अध्यक्ष उद्धव ठाकरे भी शामिल हैं। हालांकि, विधानसभा के मौजूदा संख्याबल के अनुसार विपक्षी गठबंधन केवल एक सीट पर ही जीत दर्ज कर सकता है।

आदित्य की घोषणा से उद्धव ठाकरे के दोबारा विधान परिषद के लिए चुनाव लड़ने की संभावना पूरी तरह से खत्म हो गई।

आदित्य ठाकरे ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘उद्धव साहब ने फैसला किया है कि अंबदास दानवे पार्टी के उम्मीदवार होंगे।’’

आदित्य ठाकरे की घोषणा के तुरंत बाद, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि उनकी पार्टी भी एक उम्मीदवार उतारेगी। हालांकि, उन्होंने किसी नाम की घोषणा नहीं की।

कांग्रेस विधान परिषद चुनाव लड़ने की इच्छुक थी, लेकिन उसने उद्धव ठाकरे के चुनाव लड़ने की स्थिति में उनका समर्थन करने की इच्छा भी जताई थी।

माना जा रहा है कि पार्टी पिछले महीने महाराष्ट्र से राज्यसभा की सीट छोड़ने को लेकर नाराज है क्योंकि विपक्ष ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के अध्यक्ष शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया था।

छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले दानवे 2022 से 2025 तक परिषद में विपक्ष के नेता रह चुके हैं।

दानवे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ मैं एमवीए का संयुक्त उम्मीदवार हूं, जिसमें कांग्रेस, शिवसेना (उबाठा), राकांपा(शप), समाजवादी पार्टी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) शामिल हैं।’’

विधानमंडल के उच्च सदन की नौ सीट के लिए 12 मई को मतदान होगा और उसी दिन मतों की गिनती होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल अपराह्न तीन बजे है।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने पांच उम्मीदवारों – प्रमोद जठार, सुनील विनायक कर्जतकर, माधवी नाइक, संजय नत्थूजी भेंडे और विवेक बिपिंदादा कोल्हे को उम्मीदवार बनाया है। इसने एक सीट पर उपचुनाव के लिए प्रज्ञा राजीव सातव को भी मैदान में उतारा है।

भाजपा की सहयोगी एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और सुनेत्रा पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।

भाषा धीरज माधव

माधव